न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की पहली पाली पूरी तरह से शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में संपन्न हुई. JTET कि पहली पाली 9:30 से 12 बजे तक उसके बाद दूसरी पाली 2:00 से 4:30 बजे तक हैं.
परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे जिले में कुल 47 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
परीक्षा की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पलामू के उपायुक्त (DC) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पलामू एसपी कपिल चौधरी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ सदर एसडीओ संजय पांडे भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने वाईएसएन कॉलेज और जिला स्कूल सहित कई केंद्रों का दौरा किया और वहाँ चल रही परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जहाँ सभी चीजें पूरी तरह से ठीक पाई गईं.
पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने न्यूज़11 से बातचीत करते हुए बताया कि सभी 47 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. पहली पाली के सफल समापन के बाद प्रशासन अब दूसरी पाली की परीक्षा की तैयारियों में जुट गया है. दूसरी पाली के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहाँ परीक्षार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी परीक्षा सामग्री प्राप्त कर रहे हैं. प्रशासन की मुस्तैदी और चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो.
इसे भी पढ़ें: रजरप्पा के आयरन फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, कई घायल; प्रबंधन ने गेट पर जड़ा ताला