न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, कोकदोरो गांव निवासी फिरोज अंसारी को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है. आरोप है कि अफसर अंसारी नामक व्यक्ति ने फिरोज अंसारी पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
पुराने मामले से भी जुड़ रहा है घटनाक्रम
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर विवाद सामने आया था. आरोप है कि उस दौरान अफसर अंसारी पर फिरोज अंसारी के नाबालिग भतीजे की गोली मारकर हत्या करने का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह जेल में था. बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद अब एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फायरिंग के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें- झारखंड कैडर की वरिष्ठ IPS अन्नेपु विजया लक्ष्मी को मिली नई जिम्मेदारी, CRPF में बनीं आईजी