न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर देने के आरोप में हुसैनाबाद थाना में पिहू ऑनलाइन सेंटर के संचालक मो. जुल्फकार आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले को लेकर मुंबई में रह रहे शकील अली बख्श अंसारी (63 वर्ष), निवासी ग्राम केवाल, पंचायत खरगड़ा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपना जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मो. जुल्फकार आलम से संपर्क किया था. आरोप है कि जुल्फकार ने 19 नवंबर 2024 को जन्म प्रमाण पत्र बनाकर उनके व्हाट्सएप नंबर पर भेजा था.
शिकायतकर्ता ने उक्त प्रमाण पत्र अपने पुत्र के पासपोर्ट आवेदन के साथ मुंबई पासपोर्ट कार्यालय में जमा किया था. आरोप है कि पासपोर्ट कार्यालय एवं सीआईडी कार्यालय की जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया. इसके बाद 30 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता हुसैनाबाद के छठपोखरा स्थित जिला परिषद मार्केट की दुकान संख्या-3 पर पहुंचे और संचालक से इस संबंध में पूछताछ की. आरोप है कि उन्हें दुकान से भगा दिया गया. इसके बाद उन्होंने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.