न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: चतरा जिले के सिमरिया थाना में एयर एम्बुलेंस हादसे को लेकर एक लिखित आवेदन दिया गया है. चंदवा निवासी विजय कुमार ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में एयर एम्बुलेंस कंपनी RED BIRD AIRWAYS PVT LTD के मालिक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को उनके भाई संजय कुमार (उम्र लगभग 41 वर्ष) अपने होटल में आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गए थे. प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से डॉक्टरों ने दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया.
परिजनों ने मरीज को दिल्ली ले जाने के लिए RED BIRD AIRWAYS PVT LTD की एयर एम्बुलेंस सेवा बुक की. 23 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:07 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से एयर एम्बुलेंस ने उड़ान भरी. विमान में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, एक किशोर रिश्तेदार समेत पायलट, को-पायलट और चिकित्सक दल सवार थे.
आवेदन में कहा गया है कि एयर एम्बुलेंस को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 8:30 बजे तक पहुंचना था, लेकिन निर्धारित समय तक विमान नहीं पहुंचा. बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत काशियाडांड़ जंगल में एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. परिजन घटना स्थल पर पहुंचे तो प्रशासन एवं चिकित्सक दल मौजूद थे. सभी सवारों की मौत की पुष्टि की गई. शवों को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया.
आवेदक विजय कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना कंपनी की लापरवाही के कारण हुई है. उन्होंने एयर एम्बुलेंस कंपनी के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल सिमरिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: Neet छात्रा मौत मामले में मनीष रंजन को नहीं मिली जमानत, 28 फरवरी को होगी अगली सुनवाई