न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के छतरपुर थाना में पदस्थापित महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की आज रविवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. बबीता अपनी ड्यूटी के तहत जेटेट (JTET) परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जा रही थीं, तभी वह हादसे का शिकार हो गयी.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जब उनका वाहन छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक वह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस भीषण हादसे में बबीता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कर्तव्य पथ पर तैनात रहकर अपने प्राणों की आहुति देने वाली इस जांबाज महिला जवान के आकस्मिक निधन से पूरे पुलिस महकमे और उनके परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है. पुलिस प्रशासन द्वारा मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया गया है, और आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बोकारो: जंगल में लटका मिला युवक-युवती का शव, प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका