पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा प्रखंड मुख्यालय परिसर से गुरुवार को दोपहर 12 बजे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से बिरसा कृषि रथ को प्रखंड प्रमुख सविता देवी एवं सीओ सह बीडीओ खाखा सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने कहा कि किसानों को समय पर नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, जैविक खेती, फसल प्रबंधन तथा सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी मिलना बेहद आवश्यक है. उन्होंने कहा कि बिरसा कृषि रथ गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगा और वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी. सीओ सह बीडीओ खाखा सुशील कुमार ने कहा कि बिरसा कृषि रथ प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगा.
रथ पर लगी एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य, कीट एवं रोग नियंत्रण, कृषि यंत्रीकरण तथा सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि इस पहल से किसान वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित होंगे और कृषि उत्पादन के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी. कार्यक्रम में बीटीएम नीरज कुमार, समाजसेवी कृष्णा कुमार लोहरा, बादल राम, जयनाथ उरांव, सीमा कुमारी सहित जनप्रतिनिधि, किसान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.