प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो ब्लॉक चौक स्थित ओवर फ्लाई के नीचे अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.ओवर फ्लाई के नीचे सड़क किनारे लगने वाली सब्जी दुकानें,ठेले और बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने वाले वाहनों के कारण आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार कार्रवाई किए जाने के बावजूद स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा है.जानकारी के अनुसार पुलिस प्रशासन कई बार ओवर फ्लाई के नीचे लगने वाली अस्थायी दुकानों और ठेलों को हटाने का अभियान चला चुका है.जिस दिन प्रशासन सख्ती दिखाता है,उस दिन दुकानदार अपना सामान हटाकर दूसरी जगह चले जाते हैं,लेकिन अगले ही दिन फिर से उसी स्थान पर दुकानें सज जाती हैं.इससे प्रशासन की कार्रवाई का असर अल्पकालिक साबित हो रहा है.
दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए वे ओवर फ्लाई के नीचे दुकान लगाते हैं.यहां छाया मिलने के कारण ग्राहकों को भी सुविधा होती है.हालांकि उनकी इस मजबूरी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.ओवर फ्लाई के नीचे दुकानों और वाहनों की पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती है,जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है.स्थानीय लोगों के अनुसार दिनभर यहां जाम जैसी स्थिति बनी रहती है.विशेषकर बाजार के दिनों और व्यस्त समय में दोपहिया,चारपहिया एवं मालवाहक वाहनों के आवागमन में काफी कठिनाई होती है.
कई बार वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच कहासुनी की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है.इधर भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों,ठेला संचालकों तथा वाहन खड़ा करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए ओवर फ्लाई के नीचे अतिक्रमण नहीं करने का निर्देश दिया.ऑटो चालकों को जहां तहां ऑटो नहीं खड़ी करने का निर्देश दिए,साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
वहीं स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि केवल हटाने की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है.प्रशासन को चाहिए कि ओवर फ्लाई के नीचे दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों और ठेला संचालकों के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करे,ताकि उनकी आजीविका भी प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे.फिलहाल ओवर फ्लाई के नीचे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या बरकरार है.लोगों को आशंका है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थान किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है.स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस दिशा में ठोस और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: पलामू के स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र दिलाने के लिए गैप एनालिसिस प्रशिक्षण शिविर आयोजित