न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: झारखंड के चाईबासा में हाथी फिर से उत्पात मचा रहा हैं. आज शुक्रवार की सुबह मझगांव प्रखंड के बेनीसागर पंचायत अंतर्गत खड़पोस के पास स्थित तिलोकुटी गांव में हाथी ने दो लोगों को मार डाला. इनमें एक बच्चा भी शामिल हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और वनतारा की टीम अलर्ट मोड में आ गई हैं. हाथी के इस आक्रामक व्यवहार ने पिछले 9 दिनों में कुल 21 लोगों की जान ले ली हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने हमला करते समय एक बच्चे को अपनी सूंड में पकड़ लिया और उसकी लाश हाथी के दांत में फंस गई. मृतकों में बेनीसागर निवासी 40 वर्षीय प्रकाश मालवा और एक बच्चा शामिल हैं. डीएफओ आदित्य नारायण ने पुष्टि की है कि झारखंड-ओडिशा सीमा के पास बेनीसागर में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हुई हैं. वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात हैं. इसपर काबू पाने के लिए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, जमशेदपुर के दलमा और ओडिशा वाइल्ड लाइफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं. गुरुवार की रात गुजरात स्थित वनतारा के हाथी विशेषज्ञ डीएफओ आदित्य नारायण के साथ हाट गम्हरिया कैम्प पहुंचे और हाथी के मूवमेंट की निगरानी के लिए रातभर मशाल लेकर क्षेत्र की जांच की.
जानकारी के अनुसार, यह हाथी 1 जनवरी से लगातार रिहायशी इलाकों में घुसकर रात के समय लोगों पर हमला कर रहा हैं. अधिकांश हमले तब हुए, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे. गुरुवार को किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली, जो इस अवधि का दूसरा ऐसा दिन था. झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष उपाध्याय और क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक स्मिता पंकज ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. अधिकारियों ने वनकर्मियों के साथ बैठक कर क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय रखने और वन सुरक्षा समितियों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़े: Instagram पर दोस्ती करना पड़ा भारी, पुणे में युवक की बेरहमी से हुई हत्या