न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला-खरसावां जिले के बंसा स्थित खूंचीडीह में बंद पड़ी कोहिनूर स्टील कंपनी में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने शुक्रवार को छापेमारी की. सुबह करीब पांच बजे पहुंची ईडी की टीम ने कंपनी परिसर में लगभग आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की. इसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई.
जानकारी के मुताबिक, कोहिनूर स्टील प्लांट में पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 290 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था. आरोप है कि इतनी बड़ी राशि का ऋण लेने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने प्रस्तावित पावर प्लांट स्थापित नहीं किया.
इसी मामले को लेकर शिकायत किए जाने के बाद ईडी की कार्रवाई की बात सामने आ रही है. शुक्रवार सुबह कंपनी परिसर में पहुंची जांच टीम ने करीब आठ घंटे तक विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की.
हालांकि, छापेमारी के दौरान ईडी की टीम को कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. एजेंसी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है.
करीब आठ घंटे तक चली ईडी की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. अब निगाहें ईडी की आगे की जांच और आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं. जांच के बाद इस मामले में क्या नए तथ्य सामने आते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.