होम-टू-रोल विजिट

होम-टू-रोल विजिट के दौरान लातेहार में मिले कई पात्र भारतीय नागरिक, जिनका अब तक मतदाता सूची में नहीं हुआ है पंजीकरण

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चंदवा प्रखंड के दो मतदान केंद्रों के 12 घरों का किया भौतिक सत्यापन, फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने पर दिया जोर

By : Ark Sahuliyar
होम-टू-रोल विजिट के दौरान लातेहार में मिले कई पात्र भारतीय नागरिक, जिनका अब तक मतदाता सूची में नहीं हुआ है पंजीकरण

न्यूज़11 भारत 
लातेहार/डेस्क:
राज्य का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरे झारखंड में 12 नवंबर 2026 तक होम-टू-रोल विजिट अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में अभियान के पहले दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड पहुंचे और विभिन्न मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले घरों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण की स्थिति का जायजा लिया.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, चंदवा (मतदान केंद्र संख्या-328) एवं प्राथमिक विद्यालय, जमीरा (मतदान केंद्र संख्या-347) के अंतर्गत आने वाले कुल 12 घरों का भौतिक सत्यापन किया. व्यवस्थित यादृच्छिक नमूना चयन प्रणाली (Systematic Random Sample Selection System) के तहत दोनों मतदान केंद्रों के छह-छह घरों का चयन कर वहां रहने वाले परिवारों के पात्र सदस्यों के मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली गई.

निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-328 के क्षेत्र में रहने वाले दो परिवारों की पात्र महिला सदस्यों, जिनकी आयु क्रमशः 28 वर्ष एवं लगभग 30 वर्ष थी, का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं पाया गया. वहीं, मतदान केंद्र संख्या-347 के अंतर्गत 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के तीन पात्र भारतीय नागरिक भी ऐसे मिले, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ था. इन सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए अब तक फॉर्म-6 भी जमा नहीं किया गया था.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि होम-टू-रोल विजिट अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करना है कि परिवार का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. इसके लिए बीएलओ को घर-घर जाकर अनिवार्य रूप से सत्यापन करना है तथा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे सभी पात्र नागरिकों की पहचान कर फॉर्म-6 के माध्यम से उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है.

उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है. विशेषकर युवाओं के पंजीकरण पर ध्यान देते हुए प्रत्येक घर का सत्यापन किया जाना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक छूटने न पाए एवं कोई भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न जुड़े. उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान करें और उनका फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें.

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा चंदन प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदवा सुमित झा सहित संबंधित बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें- जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए BJP झारखंड ने की प्रदेश स्तरीय समिति की घोषणा

 

संबंधित सामग्री

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के तीखे तेवर, प्रशांत किशोर पर साधा निशाना 

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के तीखे तेवर, प्रशांत किशोर पर साधा निशाना 

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कई मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है।

11 November 2026
गोड्डा में काली पूजा मेले की सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल सितारों ने बिखेरा जलवा, विधायक प्रदीप यादव ने किया डांस

गोड्डा में काली पूजा मेले की सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल सितारों ने बिखेरा जलवा, विधायक प्रदीप यादव ने किया डांस

इंडियन आइडल सीजन-15 की विजेता मानसी घोष, रनरअप अभिजीत गोस्वामी और डांस इंडिया डांस की विजेता आंशिका ने दी शानदार प्रस्तुति

11 November 2026
अवैध कोयला लदी बाइक के चपेट में आने से महिला की हुई मौत, मुआवजे को ले बोकारो थर्मल नरकी मुख्य सड़क जाम

अवैध कोयला लदी बाइक के चपेट में आने से महिला की हुई मौत, मुआवजे को ले बोकारो थर्मल नरकी मुख्य सड़क जाम

मौके पर पहुंचे बेरमो सीओ संजीत कुमार,बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह ने मामले को शांत करवाने का किया प्रयास

11 November 2026
CISF की मुस्तैदी से चोरी की कोशिश नाकाम, करगली वाशरी में सेंधमारी करते एक आरोपी गिरफ्तार

CISF की मुस्तैदी से चोरी की कोशिश नाकाम, करगली वाशरी में सेंधमारी करते एक आरोपी गिरफ्तार

कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर CISF की क्राइम शाखा, QRT व स्ट्राइकिंग रिजर्व की संयुक्त कार्रवाई; लोहे का शॉवल और स्क्रैप सामग्री बरामद

11 November 2026
दिल छू लेगी सिमडेगा DC का सुरक्षा-अंदेशे के बीच फंसी बच्ची को लिफ्ट देना, उससे बढ़कर है बच्चों-अभिभावकों को DC की नसीहत

दिल छू लेगी सिमडेगा DC का सुरक्षा-अंदेशे के बीच फंसी बच्ची को लिफ्ट देना, उससे बढ़कर है बच्चों-अभिभावकों को DC की नसीहत

वन दुर्गा मंदिर से लौटते समय रास्ते में सुनसान सड़क पर एक अकेली बच्ची को देखकर लिफ्ट देने की कहानी डीसी ने फेसबुक पर किया है शेयर

11 November 2026