न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में शीतलहर का असर लगातार तेज होता जा रहा हैं. राज्यभर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री तक नीचे चला गया हैं. राजधानी रांची में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम आंकड़ा हैं. वहीं, कांके में पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. धीमी रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं (1.6 किमी/घंटा) ने सुबह-शाम की कनकनी और बढ़ा दी.
चार जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रांची, खूंटी, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हैं. इसके साथ ही राज्य के उत्तरी हिस्से के 12 जिलों में घने कुहासे का येलो अलर्ट लागू हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
पश्चिमी विक्षोभ का सीमित असर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव झारखंड के उत्तरी हिस्सों तक सीमित हैं. रांची समेत अन्य क्षेत्रों में इसका असर कमजोर होने के कारण सर्द हवा हावी है, जिससे ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी हुई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहने से शीतलहर का असर कायम रह सकता हैं.
मैकलुस्कीगंज में कुहासा और सर्द हवा
मैकलुस्कीगंज में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा. सुबह 10 बजे तक पूरे इलाके में घना कुहासा छाया रहा. दिन में भी वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा. दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवा के साथ कनकनी फिर बढ़ गई.
हवाई सेवाएं प्रभावित, यात्रियों की परेशानी
घने कुहासे और खराब दृश्यता का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा. रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मंगलवार को तीन विमान रद्द रहे, जबकि कई उड़ानें देरी से संचालित हुई. कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानों में 30 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक की देरी दर्ज की गई. यात्रियों ने उड़ान रद्द होने और विलंब से काफी परेशानी होने की बात कही. मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम घर से निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी हैं. शीतलहर के बीच अगले कुछ दिन झारखंडवासियों के लिए ठंड की कड़ी परीक्षा लेने वाले हैं.
यह भी पढ़े: News11 Bharat के डायरेक्टर अरूप चटर्जी के पिता अनूप चटर्जी का हुआ निधन