हाईकोर्ट

खुले में नहाने पर हुआ विवाद, हत्या के दोषी को 12 साल बाद हाईकोर्ट से राहत, उम्रकैद की सजा रद्द

खुले में नहाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है.

By : Ark Sahuliyar
खुले में नहाने पर हुआ विवाद, हत्या के दोषी को 12 साल बाद हाईकोर्ट से राहत, उम्रकैद की सजा रद्द

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
खुले में नहाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है. अदालत ने मुख्य आरोपी तस्लीम खान की उम्रकैद की सजा को रद्द करते हुए अपराध को हत्या के बजाय गैर-इरादतन हत्या माना है. हाईकोर्ट ने उसकी सजा को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304 पार्ट-I के तहत जेल में बिताई गई अवधि यानी करीब 12 साल तक सीमित कर दिया. चूंकि आरोपी यह अवधि पहले ही जेल में काट चुका है, इसलिए अदालत ने उसे तत्काल रिहा करने का आदेश दिया है. न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायाधीश प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने आरोपियों की अपील पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया.

क्या है पूरा मामला
घटना 3 जून 2014 की है. रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के सोंस गांव में मुकेश कुमार साव अपने घर के आंगन में नहा रहे थे. इसी दौरान पड़ोसी तस्लीम खान, उसकी पत्नी नगीना खातून और अफरोज खान वहां पहुंचे. आरोप था कि उन्होंने मुकेश के खुले में नहाने पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट होने लगी.

आरोप के मुताबिक, मारपीट के दौरान तस्लीम खान ने मुकेश को जमीन पर गिरा दिया और उसके पेट पर चढ़कर लातों से कई वार किए. इस हमले में मुकेश के पेट की आंत फट गई और वह बेहोश हो गए. उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 5 जून 2014 को उनकी मौत हो गई.

निचली अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद
इस मामले में वर्ष 2017 में रांची के एडिशनल ज्यूडिशियल कमिश्नर-V की अदालत ने तस्लीम खान को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और दो हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. वहीं, सह-आरोपी अफरोज खान और नगीना खातून को मारपीट के आरोप में एक-एक साल की साधारण कारावास की सजा दी गई थी. इस फैसले को तीनों आरोपियों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.

हाईकोर्ट ने क्यों बदली सजा
अपील पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और घटना की परिस्थितियों का परीक्षण किया. खंडपीठ ने पाया कि यह घटना किसी पूर्व नियोजित साजिश या हत्या की योजना का परिणाम नहीं थी. दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई दुश्मनी भी नहीं थी. विवाद अचानक खुले में नहाने को लेकर शुरू हुआ था.

अदालत ने इस बात पर भी गौर किया कि घटना के समय मुख्य आरोपी तस्लीम खान के पास कोई हथियार नहीं था. उसने लात-घूंसों से हमला किया था. मुकेश की घटनास्थल पर तत्काल मौत नहीं हुई थी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी के बाद इलाज के दौरान सेप्टीसीमिया यानी गंभीर संक्रमण के कारण उनकी मौत हुई.

खंडपीठ ने माना कि आरोपी का इरादा मुकेश की हत्या करने का नहीं था, लेकिन जिस तरह उसने पेट पर हमला किया, उससे गंभीर चोट और जान जाने की आशंका की जानकारी उसे होनी चाहिए थी. इसी आधार पर अदालत ने माना कि यह मामला IPC की धारा 302 के तहत हत्या का नहीं, बल्कि धारा 304 पार्ट-I के तहत गैर-इरादतन हत्या का है.

दो अन्य आरोपियों को भी राहत
हाईकोर्ट ने मुख्य आरोपी तस्लीम खान की सजा को जेल में बिताई गई करीब 12 साल की अवधि तक सीमित कर दिया. इस अवधि को पूरा कर लेने के कारण उसे तत्काल जेल से रिहा करने का आदेश दिया गया. वहीं, सह-आरोपी अफरोज खान और नगीना खातून को भी राहत मिली. अफरोज खान करीब नौ महीने और नगीना खातून तीन महीने से अधिक समय जेल में रह चुके थे. अदालत ने उनकी सजा को जेल में बिताई गई अवधि तक सीमित कर दिया. इसके साथ ही दोनों को बेल बॉन्ड की देनदारी से भी मुक्त कर दिया.

यह भी पढ़ें- 'नेचुरल गार्जियन' को कस्टडी मांगने के लिए कोर्ट से खुद को अभिभावक घोषित कराना जरूरी नहीं: हाई कोर्ट

 

संबंधित सामग्री

दीपों के त्योहार दीपावली को लेकर राजधानी रांची में उत्साह का माहौल, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी अलर्ट

दीपों के त्योहार दीपावली को लेकर राजधानी रांची में उत्साह का माहौल, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी अलर्ट

शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. जुआ और अड्डेबाजी करने वालों पर भी पैनी नजर

08 November 2026
बस्तर में सेना के साथ दीपावली मनाने पहुंचे पीएम मोदी, बोले- आपके कारण देश नक्सलवाद मुक्त दीपावली मना रहा है

बस्तर में सेना के साथ दीपावली मनाने पहुंचे पीएम मोदी, बोले- आपके कारण देश नक्सलवाद मुक्त दीपावली मना रहा है

नक्सलवाद को समस्या बनने देने के लिए पिछली सरकारों को पीएम मोदी ने जमकर कोसा

08 November 2026
पाकुड जिले में धूमधाम से कालीपूजा मनाने की तैयारी चल रही, नित्य काली मंदिर, समेत दर्जनों स्थानों पर कालीपूजा की तैयारी

पाकुड जिले में धूमधाम से कालीपूजा मनाने की तैयारी चल रही, नित्य काली मंदिर, समेत दर्जनों स्थानों पर कालीपूजा की तैयारी

नित्यकाली और श्मसान काली पूजा की विशेष मान्यता है, रात्रि में पूजा के दौरान बलि भी दी जाती है, 300 वर्षों से हो रही है काली पूजा

08 November 2026
तीन गोल्ड जीतकर पृथ्वी देव ने बढ़ाया झारखंड का मान, एरोबिक जिम्नास्टिक्स में रांची बनी ओवरऑल चैंपियन

तीन गोल्ड जीतकर पृथ्वी देव ने बढ़ाया झारखंड का मान, एरोबिक जिम्नास्टिक्स में रांची बनी ओवरऑल चैंपियन

धनबाद के टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, जामाडोबा में आयोजित प्रतियोगिता में रांची ने सर्वाधिक अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया

08 November 2026
इजराइल में बेंजामिन नेतन्याहू के 16 वर्षों के शासन का अंत! देश के अगले पीएम हो सकते हैं गादी आइजनकोट!

इजराइल में बेंजामिन नेतन्याहू के 16 वर्षों के शासन का अंत! देश के अगले पीएम हो सकते हैं गादी आइजनकोट!

राष्ट्रपति ने गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का दिया न्योता, इजराइल में गठबंधन की होगी सरकार

08 November 2026