अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा समाहरणालय के सभागार में निवर्तमान अपर समाहर्ता राज महेश्वरम तथा जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय के स्थानांतरण के अवसर पर भावपूर्ण विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के दीर्घ, अनुकरणीय एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी.कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि राज महेश्वरम एवं सुशील कुमार राय ने अपने सेवाकाल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया. उनके कार्य एवं व्यवहार प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी सेवा एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है, किंतु सेवाकाल में किए गए कार्य, व्यवहार और जनहित के प्रति समर्पण व्यक्ति को सदैव स्मरणीय बना देते हैं. उन्होंने राज महेश्वरम को लोहरदगा उप विकास आयुक्त तथा सुशील कुमार राय को उपसचिव, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड, रांची के पद पर पदोन्नति एवं नई जिम्मेदारी हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने भी दोनों अधिकारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ किया. उनका कार्यशैली सदैव सहयोगात्मक एवं सकारात्मक रही, जिससे कार्यालयी कार्यों का संचालन सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न होता रहा. उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों का अनुभव, मार्गदर्शन एवं कार्यसंस्कृति भविष्य में भी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगी.वहीं गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अपर समाहर्ता राज महेश्वरम एवं जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक दक्षता, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया. उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों का कार्य करने का तरीका सदैव प्रेरणादायी रहा और उनके मार्गदर्शन में प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन सहज एवं प्रभावी रूप से संपन्न होता रहा.
उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था का सामान्य हिस्सा है, किंतु अपने कार्य और व्यवहार से जो छाप दोनों अधिकारियों ने छोड़ी है, वह लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी. उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारियों में सफलता की शुभकामनाएं दीं. जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि राज महेश्वरम एवं सुशील कुमार राय ने प्रशासनिक सेवा में अनुशासन, समर्पण एवं सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की है. उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों का व्यवहार सदैव सरल, सौहार्दपूर्ण एवं कर्मठता से परिपूर्ण रहा, जिससे सहकर्मियों को कार्य करने की सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती रही. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारियों में भी दोनों अधिकारी अपनी कार्यकुशलता एवं अनुभव से प्रशासनिक सेवा को नई दिशा प्रदान करेंगे तथा जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे.
अपने संबोधन में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने कहा कि जीवन के प्रत्येक कर्मक्षेत्र में निरंतर संघर्ष, ईमानदारी और सकारात्मक सोच सफलता की आधारशिला होती है. व्यक्ति एवं कार्यालय की पहचान उसके कार्यों और दायित्वों के प्रति समर्पण से बनती है. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने विनम्र भाव से कहा कि यदि कार्य के दौरान उनकी किसी बात या व्यवहार से किसी की भावना आहत हुई हो तो वे क्षमाप्रार्थी हैं. वहीं जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि जिन-जिन कार्यालयों के प्रभार में उन्हें कार्य करने का अवसर मिला वहां के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का सहयोग सदैव प्रेरणादायी एवं सराहनीय रहा. उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है.
उन्होंने आगे कहा कि टीमवर्क, आपसी विश्वास और समन्वय किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति होती है. गढ़वा में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और सम्मान को वे सदैव स्मरण रखेंगे. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सकारात्मक सोच, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आग्रह किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन आगे भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा. कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावे कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज, कार्यपालक दंडाधिकारी मोटर वाहन निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. समारोह आत्मीय वातावरण एवं सम्मानपूर्ण भावनाओं के साथ संपन्न हुआ.
यह भी पढ़ें: रांची में बना फर्राटा दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड छाया 'मन की बात' में, पीएम मोदी ने रिकॉर्डधारी गुरिन्दरवीर से किया सीधा संवाद