न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: धनबाद पुलिस ने सोमवार की सुबह वासेपुर में बड़े पैमाने पर 'ऑपरेशन क्लीन' चलाया. पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के शूटरों और AK-47 जैसी घातक हथियारों की तलाश में 15 मोहल्लों पर एक साथ छापेमारी की. इस ऑपरेशन में भारी पुलिस फोर्स शामिल रही. इस ऑपरेशन की कमान खुद धनबाद SSP ने संभाली.
मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर सोमवार की अहले सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में निषाद नगर, मिल्लत कॉलोनी, कबड्डी पट्टी, करीमगंज-मारूफगंज, शमशेर नगर, रहमतगंज जैसे इलाकों में घर-घर की तलाशी ली गई. सूचना मिली थी कि बाहर से आये शूटर वासेपुर पहुंचे हैं और किसी बड़े अपराध की साजिश की आशंका जताई गई थी. पुलिस के इस एक्शन में अब तक 10 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. वहीं, अवैध हथियारों की बरामदगी की कोशिश जारी है. स्थानीय लोग भी पुलिस की इस कार्रवाई में सहयोग कर रहे हैं.
कौन है प्रिंस खान ?
वासेपुर का सबसे कुख्यात गैंगस्टर माना जाने वाला प्रिंस खान उर्फ हैदर अली दुबई में बैठकर अपना पूरा क्रिमिनल नेटवर्क चलाता है. प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद के अलावा राज्य के कई जिलों में रंगदारी वसूली, हत्या, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज हैं. हाल ही में प्रिंस खान गैंग ने धनबाद के कोयला कारोबारियों से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है. बावजूद इसके, वह विदेश से वीडियो जारी कर धमकियां देता रहता है.
ये भी पढ़ें- रांची नगर निगम की टीम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, दुकानदारों में दिख रहा आक्रोश