राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: शनिवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज द्वारा सदर अस्पताल रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड, पंजीयन काउंटर, दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का विस्तृत जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की.
निरीक्षण के क्रम में अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा, तथा विभिन्न सेवाओं के लिए किए जा रहे भुगतान की समुचित एवं पारदर्शी लेखांकन व्यवस्था में अनियमितताएं पाई गईं. इस पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सदर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए.
इसके अतिरिक्त, एक बीपीएल मरीज द्वारा पंजीयन काउंटर पर ₹5 की अवैध मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई, जिसे उपायुक्त द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच कराई गई. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पंजीयन कर्मी के विरुद्ध जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई का निर्देश उपायुक्त के द्वारा दिया गया. जांच कमिटी के सुझाव के आधार पर इस संबंध में आगे की कार्यवाई की जाएगी.
साथ ही एबीडीएम(आधार बेस्ड डिजीटल मोनिटरिंग) कार्यों का जायजा लेने के क्रम में कार्य काफी धीमी गति से होना सामने आया जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
इसके बाद उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित विभिन्न सेवाओं, डेंटल ओपीडी, आई ओपीडी आदि का जायजा लिया जहां पर साफ सफाई की कमी एवं चीजे अस्त-व्यस्त पाई गई जिस पर उपायुक्त ने इस लापरवाही के मद्देनज़र सदर अस्पताल रामगढ़ के सभी चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी को एक सप्ताह का समय दिया गया है, जिसके भीतर अस्पताल की व्यवस्था, अनुशासन, साफ-सफाई, सेवा गुणवत्ता एवं वित्तीय पारदर्शिता में ठोस सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा तथा भुगतान संबंधी अनियमितताओं को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक से भी स्पष्टीकरण किया गया है. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रखरखाव योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सरलता पूर्वक पहुंचने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, दवाओं की नियमित उपलब्धता बनी रहे तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो. इन सब के अलावा उपायुक्त ने सदर अस्पताल रामगढ़ से बिना किसी वैध कारण के मरीजों को रेफर करने से संबंधित मामले प्रकाश में आने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है.
यह भी पढ़ें: एलएच स्टेट के घर में भीषण आग, दो लोग झुलसे; अवैध डीजल-पेट्रोल रखने की चर्चा