न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानीटोला में हुए सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इस मामले में आरोपी पति द्वारा अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप है. घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पति का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध होना मुख्य कारण बताया जा रहा है. इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव जब घर पहुंचा, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया.
घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. लोगों ने डोरंडा थाना पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है. वहीं, मृतका के परिजनों ने प्रशासन से आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था और सहायता की भी मांग की है. परिजनों का कहना है कि इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है और बच्चों के सामने गंभीर भविष्य संकट खड़ा हो गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें- रांची में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा का युवा संवाद सदस्यता कार्यक्रम, नए सदस्यों को दिलाई गई पार्टी की सदस्यता