विकास कुमार/न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: प्रगतिशील पत्रकार मंच, हुसैनाबाद ने नगर पंचायत अध्यक्ष को आवेदन सौंपकर हुसैनाबाद में पत्रकार भवन निर्माण की मांग की है. मंच ने कहा है कि वर्ष 1990 से स्थापित संगठन क्षेत्र में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य कर रहा है, लेकिन आज भी पत्रकारों के लिए स्थायी भवन उपलब्ध नहीं है. आवेदन में कहा गया है कि भवन के अभाव में पत्रकारों को समाचार संकलन, बैठक और सूचना संप्रेषण से संबंधित कार्यों में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
मंच ने मांग की है कि हुसैनाबाद में पत्रकार भवन का निर्माण कराया जाए, जिससे हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज प्रखंड के दर्जनों पत्रकारों को सुविधाजनक कार्यस्थल मिल सके.इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनके हितों की रक्षा तथा सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है. पत्रकार भवन निर्माण की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा.
नगर पंचायत स्तर पर उपलब्ध संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक पहल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके. प्रगतिशील पत्रकार मंच ने उम्मीद जताई है कि नगर पंचायत इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए पत्रकार भवन निर्माण की दिशा में पहल करेगी. इस मौके पर प्रगतिशील पत्रकार मंच क़े अध्यक्ष कमलेश विश्वकर्मा, पत्रकार संजय ओझा, सुरेंद्र प्रसाद, सतेंद्र चंदेल, धनंजय कुमार, जीतेद्र रावत, गौतम पटेल, अखिलेश कुमार, विकास कुमार मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: पलामू में स्वास्थ्य व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई चिंता, स्वास्थ्य मंत्री से की जांच की मांग