न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने के बाद पार्टी के झारखंड प्रभारी के राजू और तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क राजधानी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं. बैठक में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से संभावित उम्मीदवारों को लेकर राय ली जा रही है.
बैठक में पूर्व सांसद धीरज साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधायक अनूप सिंह और विधायक सुरेश बैठा भी बैठक में शामिल हुए. नेताओं से एक-एक कर अलग-अलग बातचीत की जा रही है.
धीरज साहू ने चुनाव लड़ने से किया इनकार
बैठक के बाद बाहर निकले पूर्व सांसद धीरज साहू ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह इस बार राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एक सीट मिलने की पूरी संभावना है, लेकिन वह चुनावी दौड़ में शामिल नहीं हैं. गौरतलब है कि राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर धीरज साहू के नाम की चर्चा काफी जोर-शोर से चल रही थी.
प्रदीप बालमुचू ने भी अपनी दावेदारी से किया इनकार
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने भी अपनी दावेदारी से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यदि वह चुनाव लड़ते हैं तो झामुमो का समर्थन मिलने में दिक्कत हो सकती है. बालमुचू ने संकेत दिया कि कांग्रेस ऐसा उम्मीदवार उतारेगी जिस पर मुख्यमंत्री को कोई एतराज न हो. उन्होंने कहा कि उम्मीदवार पर अंतिम निर्णय कांग्रेस प्रेसिडेंट लेंगे.
झारखंड से ही होगा उम्मीदवार: अनूप सिंह
कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने कहा कि पार्टी को पूरी उम्मीद है कि राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी. उन्होंने बताया कि नेताओं ने अपनी राय प्रभारी और तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री के सामने रख दी है. अनूप सिंह ने कहा कि उम्मीदवार झारखंड से ही होगा.वहीं विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान को लेना है. उन्होंने कहा कि हमने अपनी भावना से नेताओं को अवगत करवा दिया है.
यह भी पढ़ें- CM हेमंत सोरेन से मिलने पहुंचा ओडिशा से JMM का प्रतिनिधिमंडल, अंजनी सोरेन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने की मांग