न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर लातेहार में समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया. भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव ने पार्टी के लिए त्याग और बलिदान देने वाले कार्यकर्ताओं के आवास पर जाकर उन्हें अंगवस्त्र और मिठाई देकर सम्मानित किया. यह कार्यक्रम लातेहार सदर प्रखंड के माजर गांव में आयोजित हुआ, जहां आपातकाल के दौरान जेल गए छह कार्यकर्ताओं में से दो जीवित बचे—सुरेश सिंह और मनबहल सिंह—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. शेष चार कार्यकर्ताओं का निधन हो चुका है, जिन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया.
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है, तो इसका श्रेय उन कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के लिए संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं का त्याग और तपस्या ही पार्टी की असली ताकत है.कार्यक्रम से पूर्व भाजपा जिला कार्यालय में भी एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कारसेवकों और अलग राज्य वनांचल आंदोलन में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया. साथ ही, कश्मीर और दिल्ली तक हुए आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को भी बुलाकर सम्मानित किया गया.
इस दौरान त्रिभुवन पांडे, मदन प्रसाद, दुर्गा प्रसाद, अनुज तिवारी, जयप्रकाश प्रजापति, भोलाराम, वीरेंद्र प्रसाद और अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे. त्रिभुवन पांडे ने अपने संबोधन में 90 के दशक के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि उस समय भाजपा का नाम लेना भी चुनौतीपूर्ण था, फिर भी कार्यकर्ता डटे रहे और अन्याय के खिलाफ लड़ते रहे.
अपना दिवस पर महेश सिंह सरोज देवी पंकज सिंह सरजू सिंह राजधानी यादव संजय जयसवाल सीतामनी तिर्की कल्याणी पांडे शीला देवी रानी देवी उर्मिला देवी सहित सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे.
यह भी पढ़ें: स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त, स्कूल के आसपास अवैध दुकानें हटाने के निर्देश