आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: डीसी सिमडेगा कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला भू-अर्जन कार्यालय से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-320 जी के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई. डीसी ने रैयतों के मुआवजा भुगतान, संरचनाओं के मूल्यांकन, मौजावार त्रुटियों के निराकरण तथा सड़क निर्माण कार्य की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने बैंक संबंधी त्रुटियों के कारण लंबित भुगतानों पर विशेष चिंता जताते हुए कहा कि आधार एवं बैंक विवरण में नाम की त्रुटि, खाता संख्या में गलती, आधार लिंक न होना तथा केवाईसी अपूर्ण रहने के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का मौजावार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा जिन रैयतों का भुगतान स्वीकृत हो चुका है, उनके दस्तावेजों का सत्यापन कर संबंधित अंचल अधिकारी के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की जाए. पीएफएमएस के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने खाता त्रुटियों को सुधार कर डीबीटी के जरिए राशि सही खातों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया. अब तक लगभग 7 करोड़ 32 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिसमें 4 लाख रुपये का अंतर पाया गया है, जिसे तत्काल सुधारने हेतु कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया.
डीसी ने सभी लंबित मामलों का निष्पादन 10 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने, दैनिक भुगतान रिपोर्ट में कुल भुगतान, प्रविष्टि एवं शेष राशि का स्पष्ट उल्लेख करने तथा योजना से संबंधित नामों की त्रुटियों को शीघ्र ठीक करने के निर्देश दिए.
बैठक में प्रदूषण की समस्या पर संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में कार्रवाई करने, एनएच कार्यों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा बाहर रहने वाले रैयतों के परिवार वाले एवं मकान मालिकों के लंबित एनओसी आवेदनों पर शीघ्र निर्णय लेने का निर्देश दिया गया.
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, राष्ट्रीय उच्च पथ के अधिकारी, हल्का कर्मचारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भरनो प्रखंड क्षेत्र में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से सब्जी की फसल तबाह, क्षेत्र के किसानों की बढ़ी चिंता