न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने खजूरडांगाल स्थित बूथ संख्या-203 तथा बासेतकुण्डी के बूथ संख्या-204 और 205 पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर संपर्क अभियान, गणना प्रपत्रों के संधारण, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने सभी प्रपत्रों की गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को दिए गए चरणबद्ध और बहुस्तरीय प्रशिक्षण का सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है. उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान बीएलओ मतदाताओं को प्रत्येक कॉलम की जानकारी देकर सावधानीपूर्वक प्रपत्र भरवाते मिले. उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि कहीं भी कोई गंभीर त्रुटि नहीं मिली. यदि कहीं छोटी-मोटी गलती रह जाती है तो बीएलओ और सुपरवाइजर उसकी जांच कर सुधार के बाद ही आगे की प्रक्रिया के लिए भेज रहे हैं.
इस दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की और उनसे मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने, संशोधन या अन्य आवश्यक बदलाव के लिए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करें तथा अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ें.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना आवश्यक है. जिला प्रशासन विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है. निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पाकुड़िया सोमनाथ बनर्जी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित बीएलओ उपस्थित रहे.