न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था और तकनीकी खामियों को देख उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन के प्रति कड़ा रुख अपनाया.
व्यवस्थाओं की समीक्षा की
उपायुक्त ने वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया. उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
मशीन अपडेट न होने पर भड़के डीसी
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाया कि अस्पताल में लगी हेल्थ इंफॉर्मेशन मशीन चालू तो है, लेकिन उसमें जानकारी अपडेट नहीं की गई है. इस लापरवाही पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल मशीन को अपडेट रखने का आदेश दिया. इसके साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उपायुक्त ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ निभाने को कहा. उन्होंने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मौके पर अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद थे.