प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
भरनो/डेस्क: दक्षिणी भरनो पंचायत के टंगराटोली स्थित चबूतरा के समीप दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होने वाले पारंपरिक डाईर जतरा की तैयारियों को लेकर पड़हा समिति की बैठक हुई.बैठक की अध्यक्षता पड़हा समिति के अध्यक्ष लधूवा उरांव ने की.बैठक में मुख्य रूप से पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. अरुण उरांव एवं नगड़ी प्रखंड प्रमुख मदुवा कच्छप शामिल हुए.इस दौरान जतरा के भव्य आयोजन,सुरक्षा,व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई.बैठक में पड़हा अध्यक्ष लधूवा उरांव ने बताया कि वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी 9 नवंबर 2026 को दीपावली के दूसरे दिन डाईर जतरा धूमधाम से आयोजित किया जाएगा.
जतरा में विभिन्न पड़हा दल के लोग अपने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ शामिल होंगे.इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सभ्यता,संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिलेगी.मौके पर पूर्व आईपीएस डॉ. अरुण उरांव ने कहा कि डाईर जतरा आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है.ऐसे पारंपरिक आयोजनों से अपनी भाषा,संस्कृति और पूर्वजों की परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है.उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपनी भाषा,संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए अपना जीवन तक समर्पित किया है.ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि उनकी विरासत को सहेजकर रखें और आने वाली पीढ़ियों को इससे जोड़ें.
वहीं नगड़ी प्रखंड प्रमुख मदुवा कच्छप ने कहा कि डाईर जतरा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाएगा.जतरा हमारी पूर्वजों की अमूल्य देन है.इसकी गरिमा और परंपरा को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.उन्होंने जतरा में शामिल होने वाले लोगों से आपसी भाईचारे,प्रेम और सौहार्द के साथ भाग लेने की अपील की.बैठक में मुखिया सुकेश उरांव,पूर्व मुखिया सूरजमणि उरांव,शिव कुमार केशरी,जुगल उरांव,बिरसा उरांव,बप्पी उरांव,रंजीत महतो,ललित उरांव,शनि उरांव,चंद्रदेव उरांव,जोगिया उरांव,सोमरा उरांव,गणेश उरांव,मेला उरांव,सुकरा उरांव,शनिराम उरांव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे.