न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी से बीते दिनों उठे चक्रवात 'अर्नब' के बाद अब मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान 'मुरासु' को लेकर अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 5 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है.
कल रविवार सुबह राजधानी रांची में हल्की कनकनी के बाद दिनभर धूप खिली रही, और शाम के वक्त कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई.
आज सोमवार को कई इलाकों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. वहीं 3-4 नवंबर को राज्य के दक्षिणी तथा आसपास के मध्यवर्ती हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. जबकि 5 नवंबर से आसमान साफ़ हो सकता है. 7 नवंबर तक मौसम पुती तरह साफ़ होने की संभावना है, हालांकि तापमान में गिरावट से ठंड भी बढ़ सकती है.
चक्रवात 'मुरासु' का झारखंड पर असर
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात 'मुरासु' का असर झारखंड में बहुत अधिक नहीं दिखेगा. तूफान का सीधे तौर पर झारखंड पर असर कम दिखाई देगा.
- 2 नवंबर को गरज के साथ रांची और आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है.
- 3 नवंबर को रांची और आसपास के इलाकों का मौसम साफ रहने का अनुमान है.
- 4 नवंबर को एक बार फिर आसमान पर बादल छाएंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
- 5 नवंबर को रांची और आसपास के मौसम में सुधार होगा और बारिश की संभावना कम रहेगी.
इसे भी पढ़ें: रांची के टाटीसिल्वे में एक पति ने पत्नी और सास की पीट-पीट कर की हत्या