न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: अपराध अनुसंधान विभाग (CID) झारखंड के साइबर क्राइम थाना में एक बड़े ऑनलाइन ठगी के मामले में केस दर्ज किया गया है. यह मामला साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 160/25, दिनांक 16 दिसंबर 2025 का है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित से नामी वित्तीय कंपनियों के नाम पर बनाए गए फर्जी इनवेस्टमेंट और ट्रेडिंग ऐप के जरिए ठगी की गई. ठगों ने GLOBIXVAULT नाम का एक नकली ऐप इस्तेमाल किया. पीड़ित को पहले DIGITAL ASSETS नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां आकर्षक निवेश ऑफर और झूठा मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता गया.
इस झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.07 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए. मामले की जांच के दौरान CID की टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी उत्तरी 24 परगना पुलिस के सहयोग से की गई.
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
अभिषेक बेरा (उम्र 26 वर्ष), पिता – खोकन बेरा,
निवासी – मुरागच्छा (सीटी), पोस्ट – जगबेरिया,
थाना – घोला, जिला – उत्तरी 24 परगना, पश्चिम बंगाल.
बरामद सामान:
- 1 लैपटॉप
- 2 मोबाइल फोन
- 3 सिम कार्ड
- 5 डेबिट कार्ड
साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. व्हाट्सएप, टेलीग्राम या गूगल विज्ञापनों से आने वाले निवेश लिंक पर क्लिक न करें. किसी अनजान बैंक खाते या UPI ID में निवेश के नाम पर पैसे न भेजें. निवेश हमेशा सरकार द्वारा अधिकृत ऐप या प्लेटफॉर्म पर ही करें. अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें. साथ ही नजदीकी थाना या साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत भी दें.
ये भी पढ़ें- HEC के सीएमडी के क्वाटर को किया गया अटैच, रांची सिविल कोर्ट ने दिया आदेश