न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना ने पर्दाफाश किया है. अपराध अनुसंधान विभाग के साइबर क्राइम थाना में दर्ज मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी खुद को केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते थे और पैसे ठग लेते थे.
मामला 27 फरवरी 2026 का है, जब एक पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 24/26 में शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित ने बताया कि ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर खुद को केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताया और डराकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में 38 लाख 62 हजार 982 रुपये ट्रांसफर करा लिए.
मामले की जांच के दौरान अपराध अनुसंधान विभाग के साइबर क्राइम थाना ने डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के घाटशिला और कदमा थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से कांड से जुड़े मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- मंत्री सुदिव्य कुमार ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से की मुलाकात, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा