संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ कौड़िया गांव में रविवार की शाम अपराधी ने एक व्यक्ति को गोली मारने का मामला सामने आया हैं . बतया जा रहा हैं कि लातेहार जिला के पुलिस बल में तैनात जवान पवन सिंह जब अपने ससुराल पहुंचे थे, उसी वक्त घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी. यह पूरी घटना जवान के ससुराल के ठीक दरवाजे पर हुई
बतया जा रहा हैं कि लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित बरवईया चामा के रहने वाले 33 वर्षीय पवन सिंह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे. रविवार की शाम वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने परिजनों से मिलने के लिए ससुराल सुआ गांव आ रहे थे. शाम करीब 5 बजे जैसे ही वह सुआ गांव निवासी हृदया सिंह के घर के सामने पहुंचे और अपनी बाइक खड़ी करने लगे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी वहां आ धमके. अपराधियों ने बिना मौका गंवाए पवन सिंह को लक्ष्य कर गोली चला दी जो सीधे उनके हाथ में जा लगी.
गोलीबारी की आवाज सुनकर ससुराल के लोग और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए. ग्रामीणों की तत्परता देखते हुए अपराधी अपनी बाइक से तेजी से फरार होने में सफल रहे. घायल जवान को तत्काल मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया. राहत की बात यह है कि गोली हाथ में लगने के कारण जवान की जान बच गई और वर्तमान में उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुरानी रंजिश और पुलिसिया कार्रवाई
अस्पताल में बयान देते हुए जवान पवन सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह हमला किसी पुरानी दुश्मनी के कारण किया गया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों को पहचानने में सक्षम हैं और उनके नाम भी पुलिस के साथ साझा किए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान पुख्ता करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही इस मामले में संलिप्त लोगों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद के देवरी में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर, दोनों गंभीर