प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भाकपा माले का आक्रोश बरवाडीह में सड़क पर दिखा. भाकपा माले के प्रखंड सचिव राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे बाजार क्षेत्र में विरोध मार्च निकाला. बाजार का भ्रमण करने के बाद कार्यकर्ता अम्बेडकर चौक के समीप पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया.
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया. अम्बेडकर चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने विरोध को जोरदार तरीके से उठाया. बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक राजनीतिक सरगर्मी बनी रही.
भाकपा माले प्रखंड सचिव राजेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है. इसी क्रम में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए.कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.