अजीत कुमार/न्यूज़ 11 भारत
लातेहार/डेस्क: लातेहार थाना कांड संख्या 72/23 के मामले में फरार चल रहे जेजेएमपी के एरिया कमांडर शिव सिंह उर्फ शिवा के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की हैं. न्यायालय के आदेश के बाद लातेहार पुलिस द्वारा उसके घर पर इश्तिहार चस्पा किया गया.
सब इंस्पेक्टर राजा दिलावर के नेतृत्व में पुलिस टीम गोदना गांव पहुंची, जहां अभियुक्त शिवा के घर के मुख्य द्वार पर न्यायालय से निर्गत इश्तिहार अधिपत्र चिपकाया गया. साथ ही गांव में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को सूचित किया गया कि आरोपी 9 जनवरी 2026 तक या उससे पहले पुलिस अथवा न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करे. अभियुक्त पर भादवि की धारा 307, 341, 347, 384, 386, 389, 452, 504/34 तथा 17 CLA एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज है.
अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि. राजा दिलावर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित तिथि तक आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के निर्देशानुसार उसके खिलाफ कुर्की-ज़ब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. कार्रवाई के दौरान थाना पुलिस के कई जवान मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई.
यह भी पढ़े: ग्वालियर में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 11 गिरफ्तार