प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के पोखरी कला पंचायत सचिवालय में आयोजित विशेष राजस्व शिविर के आवेदनों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने जहां 154 आवेदनों के निष्पादन नहीं होने का आरोप लगाया है, वहीं अंचलाधिकारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कार्रवाई होने की बात कही है.शशि भूषण तिवारी ने बताया कि झारखंड सरकार के निर्देश पर 4 नवंबर 2025 को बरवाडीह अंचल की ओर से विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया था. शिविर में जमीन संबंधी विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए थे.
उन्होंने आरोप लगाया कि आज तक एक भी आवेदन का निष्पादन नहीं किया गया, जिससे रैयतों में भारी नाराजगी है.उनका कहना है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय रैयतों ने उन्हें बताया कि जमीन से जुड़े मामलों के लंबित रहने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है. कई स्थानों पर आपसी तनाव बढ़ रहा है और अंचल कार्यालय से जुड़े आवश्यक कार्य भी प्रभावित हैं. श्री तिवारी ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए संबंधित पदाधिकारी पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.वहीं इस संबंध में अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने कहा कि उक्त मामले में कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह है तो अंचल कार्यालय से इसकी रिपोर्ट प्राप्त की जा सकती है.दोनों पक्षों के दावों के बीच अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लंबित आवेदनों की वास्तविक स्थिति क्या है और रैयतों की समस्याओं का समाधान कब तक सुनिश्चित किया जाता है.
यह भी पढ़ें: मैट्रिक परीक्षा देने जा रही छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर