न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के लोगों को इस समय गर्मी से जो राहत मिली हुई है, यह सिलसिला अभी आगे भी जारी रहने वाला है. मौसम विभाग ने जो जानकारी दी है, उसके अनुसार, झारखंड के अधिकतर जिलों में 6 जून तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी. पिछले कुछ दिनों से मेघ गर्जन, आंधी, वज्रपात के साथ बारिश हो रही है जिसके कारण तापमान में काफी गिरावट आयी है और लोग राहत की सांस ले रहे हैं. चूंकि तेज हवाओं, वज्रपात के साथ बारिश हो रही है, इसलिे मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की भी अपील की है.
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके असर से झारखंड ही नहीं, उत्तर भारत के भी कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. देश के करीब 17 राज्यों में आंधी-पानी और वज्रपात की सम्भावना बनी हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार-
- 1 जून को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर शेष हिस्सों में गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होगी.
- 2 जून को उत्तर पश्चिमी और उत्तरी जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में मेघ गर्जन, आंधी और बारिश की सम्भावना है.
- 3 जून को उत्तर पश्चिमी और उत्तरी जिलों के अलावा अन्य हिस्सों में मेघ गर्जन, आंधी और बारिश हो सकती है
- 4 जून को भी उत्तर-पश्चिमी तथा उत्तरी जिलों को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना है.
- 5 जून को भी राज्य में ऐसे ही हालात बने रहेंगे.
- 6 जून के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं गर्जन के साथ तेज हवा और वज्रपात की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखण्ड के. रवि कुमार ने SIR को लेकर जारी किया FAQs - part(I)