संतोष मेहता/न्यूज़11 भारत
खूंटी/डेस्क: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की एवं सांसद कालीचरण मुंडा ने विगत दिनों हुई झारखंड आंदोलनकारी सोमा मुंडा की हत्या तथा उसी दिन डोड़मा में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मृत डोड़मा निवासी सुनील भंगरा के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की.
कांग्रेस नेताओं ने पहले डोड़मा पहुंचकर सड़क हादसे में मृत सुनील भेंगरा के परिवारजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. इसके बाद सांसद कालीचरण मुंडा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. इस दौरान नेताओं ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इसके उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक खूंटी मनीष टोप्पो से मुलाकात कर सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या करने वाले अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की. नेताओं ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: गावां में शहादत दिवस की तैयारी को लेकर भाकपा माले की बैठक, पूर्व विधायक राजकुमार यादव हुए शामिल