रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले झींकपानी थाना क्षेत्र के असुरा-हाथी मंडा रोड के पास 12 अप्रैल 2026 को करंट लगने से हुई 25 वर्षीय आकाश कुमार की मौत के मामले में परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. बिजली विभाग को मृतक के परिजनों के सभी जरूरी दस्तावेज सौंप दिए गए हैं.
आकाश कुमार झींकपानी के मधु बाजार झोपड़ बस्ती का रहने वाला था. उसके पिता का नाम विनय राम है. उस दिन असुरा-हाथी मंडा रोड के समीप करंट की चपेट में आने से आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. हादसे के बाद से परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट से गुजर रहा है.
मुआवजा प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा को दस्तावेज सौंपे.
नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि पीड़ित परिवार को समय पर सरकारी सहायता मिलना जरूरी है. उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की. वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बताया कि घटना के बाद से वे लगातार परिवार के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत मिले और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा ने बताया कि नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर थी. अब मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ने से परिवार को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद जगी है.