राहुल कुमार/न्यूज11भारत
लातेहार/डेस्क: जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर (टंकी) की किल्लत अब गंभीर रूप लेती जा रही है. खासकर होटल और रेस्टोरेंट संचालक इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. नियमित आपूर्ति नहीं होने से छोटे कारोबारियों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. इसी समस्या को लेकर चंदवा प्रखंड निवासी अरविंद कुमार ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जल्द हस्तक्षेप की मांग की है. अरविंद कुमार “आरव इंडियन फास्ट फूड” नाम से होटल एवं रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं, जो उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त करना बेहद मुश्किल हो गया है. वे श्री राम भारत गैस एजेंसी के उपभोक्ता हैं, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा. इससे होटल संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
अरविंद कुमार का कहना है कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण ग्राहकों को भी असुविधा हो रही है, जिससे व्यवसाय की साख पर भी असर पड़ रहा है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग और एजेंसी को निर्देश देकर कमर्शियल गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए.
उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर जल्द संज्ञान लेकर समाधान करेगा, ताकि छोटे होटल व्यवसायियों को राहत मिल सके और उनका रोजगार सुचारू रूप से चल सके.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के सियासी कांटे में मछली! हिल्सा, रोहू, कतला, शोल पर छिड़ा है संग्राम, बंगाल अबकी बार किसके नाम?