न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में सोमवार को भले ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई हो, लेकिन यह राहत बेहद अस्थायी साबित होने वाली हैं. लगभग सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया, हालांकि गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
आज से तेज गिरावट की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से तापमान में एकाएक 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती हैं. इससे राज्य में कड़ाके की ठंड और तेज शीतलहर का असर साफ तौर पर महसूस किया जाएगा. खासकर सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना हैं. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 13 जनवरी से 17 जनवरी तक झारखंड में जबरदस्त शीतलहर चलने वाली हैं. इस दौरान कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने के साथ-साथ तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती हैं.
इन जिलों में ज्यादा असर
आज 13 जनवरी को विशेष रूप से रांची, खूंटी, पलामू, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़ और सरायकेला-खरसावां में ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा. इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान हैं.
12 जिलों के लिए IMD का येलो अलर्ट
ठंड और शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने झारखंड के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया हैं. इनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, चतरा, गढ़वा और गुमला शामिल हैं. इन जिलों में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई हैं.
यह भी पढ़े: रांची पहुंचे BJP के चुनाव अधिकारी जुएल उरांव, एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत