न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में ठंड ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का असर साफ दिखने लगा हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आज सोमवार को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ेगी, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता हैं.
गढ़वा से हजारीबाग तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया हैं. गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और गुमला जिलों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट की संभावना जताई गई हैं. खासकर गुमला और लातेहार में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे सुबह और देर रात कड़ाके की ठंड महसूस होगी.
घना कोहरा बिगाड़ेगा हालात
उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के असर से ठिठुरन और बढ़ेगी. इसके साथ ही राज्य के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई हैं. साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह और पलामू प्रमंडल में दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर तक रह सकती हैं. ऐसे में सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ना तय माना जा रहा हैं.
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा. इस दौरान चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा, लेकिन आज से इसमें भी गिरावट के संकेत हैं.
6 जनवरी के बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 6 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है लेकिन तब तक ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी. दक्षिण झारखंड के जिलों-पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में ठंड का असर तुलनात्मक रूप से कम रहने का अनुमान हैं.
यह भी पढ़े: 14 साल का साथ, अब अलग रास्ते.. माही विज-जय भानुशाली ने तलाक किया कंफर्म