न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में शीतलहर ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया हैं. हालात ऐसे है कि दोपहर 2 बजे के बाद भी ठंडी हवाओं के चलते लोग धूप में बैठने से बच रहे हैं. बीते 24 घंटे में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 तारीख से तापमान में करीब 3 डिग्री तक और गिरावट हो सकती हैं.
12 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया हैं. इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा शामिल हैं. इन इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाए रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता हैं. राजधानी रांची समेत गुमला और खूंटी में सुबह के वक्त हालात सबसे ज्यादा खराब रहे. सुबह 6 बजे के आसपास विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी नीचे पहुंच गई. सड़कों पर कुछ ही दूरी पर खड़े लोग नजर नहीं आ रहे थे. ऐसे में वाहन चलाना जोखिम भरा साबित हो रहा है और लोग मजबूरी में ही बाहर निकल रहे हैं.
हवाई यातायात पर कोहरे की मार
घने कोहरे का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा हैं. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गुरुवार सुबह रांची-कोलकाता की पहली फ्लाइट लो विजिबिलिटी के कारण रद्द करनी पड़ी. इसके अलावा रांची-दिल्ली, रांची-बेंगलुरु, रांची-मुंबई और एक अन्य रांची-कोलकाता फ्लाइट सहित कुल 5 उड़ानें रद्द हुई. वहीं, 8 विमान अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से रांची पहुंचे. एयरलाइंस अधिकारियों के मुताबिक, कुहासे के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा. मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं. अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरे का असर बना रह सकता हैं.
यह भी पढ़े: यात्रीगण कृपया ध्यान दें: प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की सुविधा हेतु ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा, देखें पूरी डिटेल्स