न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: छठ महापर्व के बीच झारखंड का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला हैं. राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में आज झमाझम बारिश और बादलों के घिरने की संभावना जताई गई हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को घाट पर जाने से पहले मौसम की स्थिति देखने की सलाह दी हैं.
रांची समेत कई जिलों में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, संथाल परगना को छोड़कर गुमला, सिमडेगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में दिनभर बादल छाए रहेंगे. कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गर्जन की भी संभावना हैं. वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा लातेहार जिले में दर्ज की गई है, जहां 5.5 मिमी तक बारिश हुई. यहां गर्जन के साथ बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. आज लातेहार का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हैं.
29 अक्टूबर से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अक्टूबर से झारखंड में ठंड की दस्तक शुरू हो जाएगी. रांची समेत आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से घटकर 15-16 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान हैं.
संध्या अर्घ्य के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में घाटों की ओर रवाना हो रहे हैं, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए वज्रपात और बारिश से सतर्क रहने की सलाह दी गई हैं. कहीं फिसलन तो कहीं पानी भरने की स्थिति बन सकती हैं.
यह भी पढ़े: आद्रा मंडल में रॉलिंग ब्लॉक के कारण 28 व 31 अक्तूबर को ट्रेनों के मार्ग में होगा बदलाव