न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आज सदन में हंसडीहा अस्पताल में हुई चोरी को लेकर लगभग 25 करोड़ रुपये की “डकैती” का आरोप लगाया. इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने उनके दावे को पूरी तरह भ्रामक, अतिरंजित और तथ्यहीन बताया.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “यह आरोप सरासर गलत है. मामला जैसे ही मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल कार्रवाई कराई. विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार करीब 60 लाख रुपये की चोरी हुई है—25 करोड़ की बात पूरी तरह निराधार है. किसी भी स्तर पर मिलीभगत का कोई प्रमाण नहीं मिला है. FIR दर्ज हो चुकी है और बहुत जल्द सच्चाई सबके सामने होगी. दोषी चाहे जो भी हो—कटघरे में खड़ा किया जाएगा.”
विधायक को संबोधित करते हुए मंत्री ने आगे कहा, “सदन में इस तरह की भ्रामक और बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत की गई जानकारी रखना उचित नहीं है. यदि किसी के पास कोई शंका या सूचना हो, तो वह सीधे मुझसे संपर्क कर सकता है. आप हमारे वरिष्ठ नेता हैं, हमारे गार्जियन की तरह हैं, और आपकी बात को लोग गंभीरता से सुनते हैं. इसलिए तथ्यों पर आधारित बयान ही सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप हैं. इस तरह की बातों से केवल भाजपा को अवसर मिलता है और सरकार की छवि भी प्रभावित होती है.”
ये भी पढ़ें- विनय चौबे के परिवार के सदस्यों ने बीते आठ साल में 10 विदेश यात्राएं की, साली ने उठाया करोड़ों का खर्चा