न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: खलारी थाना क्षेत्र स्थित CCL (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) एनके एरिया की डकरा परियोजना में शुक्रवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की. मानव संसाधन (HR) अधिकारी दीपक गिरि को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
जानकारी के अनुसार, मृत सीसीएल कर्मी के पुत्र से नौकरी के कागजात तैयार करने और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के बदले अधिकारी दीपक गिरि ने 1.5 लाख रुपये की घूस की मांग की थी. शिकायत दर्ज होने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपये लेते हुए धर दबोचा.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दीपक गिरि से डकरा स्थित वीआईपी सभागार में पूछताछ की जा रही है. साथ ही, मैक्लूकीगंज स्थित उसके आवास पर सीबीआई की टीम छापेमारी कर रही है, जहां से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जाने की खबर है. सीबीआई सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. यह कार्रवाई कोयला कंपनियों में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के प्रयासों के तहत की गई है.
ये भी पढ़ें- डकैती और अपहरण के ढाई साल पुराने मामले में ट्रायल फेस कर रहे 7 आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी