मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार की क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग (सीआईडब्ल्यू) ने रविवार रात डीजल चोरी के एक प्रयास को विफल करते हुए लगभग 100 लीटर डीजल बरामद किया. इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरों एवं अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, सीसीएल के खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ लगातार विशेष निगरानी अभियान चला रही है. इसी क्रम में कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में सीआईडब्ल्यू की टीम रोहिणी ओबी डंप क्षेत्र में निगरानी कर रही थी. रविवार रात करीब 9 बजे संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया.
कार्रवाई के दौरान दो प्लास्टिक गैलनों में रखा लगभग 100 लीटर डीजल बरामद किया गया. सीआईएसएफ टीम की भनक लगते ही चोरी में शामिल असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. बरामद डीजल को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद रोहिणी परियोजना के प्रोजेक्ट इंजीनियर मो. जुनैद अख्तर को सौंप दिया गया. सीसीएल प्रबंधन ने इसकी अनुमानित कीमत 14,700 रुपये बताई है.
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि खदान क्षेत्रों, डंपिंग यार्डों और कोयला परिवहन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे चोरी और तस्करी की घटनाओं में कमी आई है. कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा सीआईएसएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में रोजगार की मांग पर विस्थापितों का धरना, चक्का जाम आंदोलन स्थगित