प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के मंगरा रोड स्थित कल्याण विभाग द्वारा संचालित एकलव्य विद्यालय में मंगलवार को मिशन वात्सल्य योजना के तहत बाल सुरक्षा, संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएँ शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जे.जे. एक्ट 2015, पॉक्सो एक्ट 2012, चाइल्डलाइन 1098, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बाल अधिकारों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई.
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “बच्चे हमारे उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं. वर्तमान पीढ़ी जागरूक नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है.” उन्होंने बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सतर्क रहने और जरूरी स्थिति में तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी.
बाल संरक्षण टीम ने बच्चों को अपराध की पहचान, उसकी रिपोर्टिंग की प्रक्रिया और आपातकालीन सहायता में चाइल्डलाइन 1098 की भूमिका के बारे में भी विस्तार से बताया. टीम ने भूत–प्रेत, टोना–टोटका और डायन–बिसाही जैसी कुप्रथाओं को अंधविश्वास बताते हुए ऐसे मामलों में जागरूकता फैलाने की अपील की.
इसके अलावा “बाल अधिकार और बाल दुर्व्यवहार”, “घर और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा”, तथा “मीडिया की भूमिका: बाल अधिकारों की जागरूकता बढ़ाने में” जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई.
कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति सदस्य कुंदन गोप, पीओ एनआईसी मो. रज़ा, चाइल्डलाइन कार्यकर्ता संगीता कुमारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार, शिक्षिका नेहा साहू, दीक्षा गुप्ता, उन्नति पाठक, मयंक कुमार सहित विद्यालय के छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: गांव-गांव तक पक्की सड़क, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा की सुविधा पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकता - सोनाराम सिंकू