संतोष श्रीवास्तव/राजीव सिन्हा/न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के खटिन गांव में आज रविवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया जब गुलहारिया आहर (कृत्रिम तालाब) में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी. मृतक बच्चे की पहचान उपेंद्र गुप्ता के 13 वर्षीय पुत्र राकेश के रूप में हुई है. इस दुखद घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है. पर्व की खुशियां एक पल में मातम में बदल गयी. बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार सुबह गांव की महिलाएं जितिया पर्व के समापन और विसर्जन के लिए गुलहारिया आहर गयी थी. यहां विसर्जन के बाद महिलाएं स्थानीय देवी माई के दर्शन के लिए आगे बढ़ी, तभी बच्चे की मां को अचानक यह अहसास हुआ कि उनका बेटा राकेश उनके साथ आगे नहीं आया है, बल्कि वह आहर के पास ही छूट गया है. आहर के पास वापस जाकर तलाश की और आहर की तरफ निगाह डाली, तो बच्चे के डूबने की आशंका गहरी हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत आहर पर एकत्रित हुए और काफी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बाहर निकाला गया. जितिया जैसे पवित्र व्रत के दिन हुए इस हादसे से मृतक की मां और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, सूचना मिलने के बाद सभी लोग अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचे लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी.
इसे भी पढ़ें: वियतनाम में रांची के युवक की मौत: देर रात शव पहुंचा, आज होगा अंतिम संस्कार; उमड़ी भारी भीड़, सांसद महुआ माजी भी पहुंची