पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के पुटो रोड स्थित रिया इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में सोमवार की सुबह अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देते हुए ड्रावर में रखे 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गए. चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद दुकानदारों में चिंता का माहौल है.
इस संबंध में दुकान संचालक भूषण महतो ने घाघरा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन में उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 10:50 बजे दुकान का सामान ट्रांसपोर्ट के माध्यम से चांदनी चौक पहुंचा था. सामान लेने के लिए वह दुकान बंद कर चांदनी चौक गए थे. इसी दौरान चोरों ने दुकान को निशाना बनाया. भूषण महतो के अनुसार, जब वह सामान लेकर वापस दुकान पहुंचे तो ड्रावर में रखे 30 हजार रुपये गायब मिले. इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए. फुटेज में पीछे बैठा युवक करीब तीन बार दुकान के अंदर आता-जाता नजर आ रहा है. पहली दो बार उसने ड्रावर में हाथ नहीं डाला, लेकिन तीसरी बार दुकान में प्रवेश करते ही ड्रावर से 30 हजार रुपये निकाल लिए. इसके बाद दोनों युवक स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवकों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, लेकिन फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है. उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है.