न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रातू प्रखंड अंतर्गत चटकपुर पंचायत के मुखिया सह सामाजिक कार्यकर्ता विक्की लोहरा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा में शामिल हुए. प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित मिलन समारोह कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का पट्टा पहनाकर इन सभी का भव्य स्वागत किया. कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया. जबकि इस दौरान रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भरोसे का नाम है. यह पार्टी जो कहती है, वह करती है. यही कारण है कि भाजपा पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ता ही जा रहा है. कल भी सैकड़ों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली और आज भी कई लोग पार्टी में शामिल हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति को एक नया आयाम दिया है.
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश हो या राज्य, भाजपा ही विकास की रोशनी फैला सकती है. स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करना अपने आप में महत्त्वपूर्ण है. इन लोगों के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी. लोगों का यही विश्वास और प्यार 2029 में झारखंड में भाजपा की सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगा.
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात विक्की लोहरा ने कहा कि भाजपा में शामिल होना वैसे तो अपने आप में सौभाग्य और गौरव का विषय होता है लेकिन स्थापना दिवस जैसे मौके पर इस परिवार का हिस्सा बनना मेरे जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक क्षण है. पार्टी की विचारधारा, सिद्धांत एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को आत्मसात करते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन को सशक्त बनाने हेतु हमेशा प्रयासरत रहूंगा.
इन्होंने भी भाजपा की सदस्यता ली
इसके अलावा हिन्दू संगठन के सचिव डॉ० अनुप कुमार पटेल, पंचायत समीति सदस्य राकेश कुमार, वार्ड सदस्य संतोष शर्मा, मुन्नी देवी, उप-मुखिया सुनिता सिंह, राजीव पाण्डेय, गुडू राणा, जेपी यादव, राम अवतार साव, गणेश मुण्डा, रंजीत ठाकुर, रंजन दास, रीना मुंडा सहित सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.
ये भी पढ़ें- धूमधाम और उल्लास से मनाया गया BJP का स्थापना दिवस, नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय और घरों पर फहराया पार्टी ध्वज