उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़11 भारत
राजगंज/डेस्क: गुरुवार 29 मई 2026 को राजगंज लाल बाजार स्थित हरिहर शिव मंदिर परिसर में राधा-कृष्ण मूर्ति के समक्ष एक घंटे का भव्य राधा नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में वृंदावन धाम से आये हित ललित वल्लभ महाराज एवं उनकी टीम ने संकीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
संकीर्तन के दौरान महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भक्ति भाव में पूरी तरह लीन नजर आए. मंदिर परिसर राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने संकीर्तन का आनंद उठाया. कार्यक्रम के आयोजनकर्ता प्रमोद चौरसिया ने बताया कि इस संकीर्तन का मुख्य उद्देश्य आगामी 26 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक वृंदावन में “युवा समर्पण राजगंज” के माध्यम से आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ की जानकारी देना है. उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में 208 पोथियों का वाचन होगा, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि राजगंज क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालु इस महायज्ञ से जुड़ें और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अपनी सहभागिता निभाएं, इसी उद्देश्य से इस संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
यह भी पढ़े: ब्रेकअप किया तो भरना पड़ सकता है जुर्माना! यहां अनोखा ट्रेंड बना चर्चा का विषय