राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा शहर स्थित बुध बाजार हाट की जमीन की मापी की प्रक्रिया आखिरकार सोमवार से शुरू कर दी गई. लंबे समय से चल रही मापी व सीमांकन की मांग के बाद प्रशासन ने पहल करते हुए अंचलाधिकारी सुमित कुमार झा के निर्देशन में अंचल की टीम को स्थल पर भेजा, जहां विधिवत मापी कार्य प्रारंभ किया गया. मापी की प्रक्रिया शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्र हो गए. प्रशासनिक टीम द्वारा जमीन का नाप-जोख कर अभिलेखों से मिलान किया गया.
अंचलाधिकारी सुमित कुमार झा ने बताया कि बुध बाजार हाट की जमीन के सीमांकन को लेकर लंबे समय से आमजनों द्वारा मांग की जा रही थी. इस संबंध में जिला उपायुक्त कार्यालय तथा अंचल कार्यालय को आवेदन भी प्राप्त हुआ था. प्राप्त आवेदनों के आलोक में जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई है. उन्होंने कहा कि मापी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विधिवत सीमांकन किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी. बताया जाता है कि जमीन के स्पष्ट सीमांकन नहीं होने के कारण समय-समय पर अतिक्रमण एवं स्वामित्व को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रही है.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद का खाद्य आपूर्ति गोदाम होगा आदर्श गोदाम, डीएसओ गुलाम समदानी ने किया निरीक्षण