न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने आज झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी कार्यालय में मिशन डायरेक्टर-सह-सीईओ शैलेन्द्र कुमार लाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में झारखण्ड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, स्किल डेवलपमेंट उप समिति के चेयरमैन प्रियंक भगत एवं आलोक सिंह उपस्थित रहे. झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की टीम के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया.
बैठक के दौरान झारखंड में उद्योग आधारित कौशल विकास को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्किलिंग कार्यक्रम संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई. दोनों संस्थाओं के बीच अगले 15 दिनों के भीतर एक महत्वपूर्ण एमओयू हस्ताक्षरित करने पर भी सहमति बनी. इसके अतिरिक्त राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु जॉब फेयर आयोजित करने एवं इंडस्ट्री बेस्ड स्किलिंग प्रोग्राम शुरू करने पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ.
चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उद्योग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर झारखंड के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से भी इस पहल में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया. इस अवसर पर सोसाइटी की ओर से विनय कुमार, बिश्वरूप ठाकुर उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में नया प्लांट लगाने सहित रोजगार की मांग को लेकर विस्थापित एक जून से करेंगे धरना प्रदर्शन