रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चक्रधरपुर/डेस्क: चक्रधरपुर मंडल रेलवे प्रबंधक ने 05 जुलाई को राउरकेला रेलवे स्टेशन पर प्रसव के दौरान दिखाई गई त्वरित सूझबूझ और मानवीय सेवा के लिए आरपीएफ कर्मियों व रेलवे स्टाफ को सम्मानित किया.
दरअसल 05 जुलाई को राउरकेला स्टेशन पर एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई. सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल एस. खातून, एएसआई पी.पी. यादव, एएसआई अनुज कुमार और स्टेशन अधीक्षक/आरओयू मिथिलेश कुरनार तुरंत मौके पर पहुंचे. टीम ने थाने के मुख्य द्वार के पास ही महिला की मदद की. एम्बुलेंस आने से पहले ही उनकी सहायता से बच्ची का सुरक्षित जन्म हो गया. इसके बाद मां और नवजात को तुरंत राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों स्वस्थ हैं.
डीआरएम ने सम्मान समारोह में टीम की करुणा, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत की गई यह पहल यात्रियों की सुरक्षा और देखभाल के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. ऐसे कार्य रेलवे कर्मियों के मानवीय चेहरे को सामने लाते हैं और आम यात्रियों का भरोसा बढ़ाते हैं. डीआरएम ने सभी सम्मानित कर्मियों को भविष्य में भी इसी समर्पण से सेवा करने के लिए शुभकामनाएं दी.