न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के घाघुवा की रहने वाली ममता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतिका के चाचा ने बताया कि ममता की शादी 29 मई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ विकास कुमार चौधरी के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे थे.
परिजनों के अनुसार, मृतिका के ससुर छोटे लाल चौधरी और पति विकास कुमार चौधरी द्वारा उसे आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि घटना से कुछ दिन पहले उसके साथ बहुत ज्यादा मारपीट की गई, जिससे उसके सिर, माथा और अंगों पर गंभीर चोटें आईं और ब्लीडिंग शुरू हो गई. जिसकी शिकायत रेहला थाना मे किया गया था. जहां आपसी समझौते के बाद उसे वापस घर लाया गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए बनारस भी ले जाया गया था, जहाँ कुछ दिन रखने के बाद वापस घर लाया गया.
परिजनों का आरोप है कि घर लाने के बाद उसकी स्थिति और अधिक बिगड़ गई और अंततः 03 नवंबर को उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर मृतिका के परिजन सदर अस्पताल पहुँचे. पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसमें मृतिका के पेट, पीठ व पैर में चोट के निशान और मुंह से खून आने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.